अचलगंज। उन्नाव-रायबरेली रेलवे ट्रैक पर अचलगंज रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार की सुबह पांच बजे ऊंचाहार एक्सप्रेस की चपेट में आने से ट्रैक पार कर रहे मूकबधिर युवक की मौत हो गई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
थाना क्षेत्र के हड़हा गांव निवासी हनीफ का बेटा कैफ (19) मूक बधिर था। हनीफ ने बताया कि दौलतपुर गांव निवासी रामखेलावन शर्मा का आम का बाग खरीदा है। मंगलवार सुबह कैफ घर से बाग की ओर जा रहा था। अचलगंज रेलवे स्टेशन और दौलतपुर के बीच रेलवे लाइन पार करते समय ऊंचाहार एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। ट्रेन चालक ने रेलवे स्टेशन मास्टर को मेमो भेजा। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस ने जांच की। कैफ दो भाई-बहनों में बड़ा था। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।