फोटो-39- सीएचसी के बाहर मौजूद पुलिस फोर्स। संवाद
नवाबगंज। सोहरामऊ-सरौती मार्ग पर शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर देरी से अस्पताल पहुंचाने का आरोप लगाकर हंगामा किया।
नदौहा गांव निवासी सौरभ (22) शुक्रवार की शाम बाइक से सोहरामऊ कस्बा जा रहा था। गैस एजेंसी के पास पीछे से आए वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सौरभ को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंचे और सोहरामऊ पुलिस पर अस्पताल देर से पहुंचाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। इस दौरान परिजन शव ऑटो में रखकर ले जाने का भी प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख अजगैन पुलिस को भी बुलाया गया। निरीक्षक सुरेश सिंह ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पिता रज्जन लाल ने बताया कि सौरभ चाचा नीरज की बाइक से गया था। उन्होंने पुलिस पर करीब दो घंटे कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। सोहरामऊ एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता की तहरीर पर डाला चालक सरौती निवासी आकाश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।