बीघापुर। लालकुआं-ऊंचगांव मार्ग पर पृथ्वीखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार कार घर के बाहर लेटे वृद्ध को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकरा गई। हादसे में वृद्ध की मौत हो गई।
बारासगवर थाना के पृथ्वीखेड़ा गांव निवासी सिद्धनाथ (62) का घर ऊंचगांव-लालकुआं मार्ग पर सड़क किनारे है। शाम करीब सात बजे वह घर के सामने पेड़ के नीचे चारपाई पर लेटे थे। लालकुआं से बेगुलालखेड़ा-ऊंचगांव की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर सिद्धनाथ की चारपाई में टक्कर मारते हुए पेड़ से टकरा गई। परिजनों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, इसके बाद जिला अस्पताल लेकर जाते समय मौत हो गई। हादसे के बात चालक कार छोड़कर भाग गया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि कार चालक का पता लगाया जा रहा है।