बेहटामुजावर। कन्हईखेड़ा गांव में आई बरात में रात में हो रहीं रस्मों के दौरान दहेज को लेकर विवाद हो गया। इस पर दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। परिजनों ने समझाया लेकिन वह तैयार नहीं हुई। विवाद बढ़ता देख पुलिस दूल्हे को थाने लाई। दोनों पक्षों के बीच चार घंटे समझौते पर बात न बनने पर बिना दुल्हन के ही बरात लौट गई।
बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी ने बेटी की शादी बांगरमऊ क्षेत्र के करमुद्दीनपुर निवासी राहुल के साथ तय की थी। मंगलवार रात बरात पहुंची और नाश्ता पानी के बाद तिलक की तैयारी होने लगी। लड़की के पिता ने तिलक में 1.50 लाख में 80 हजार रुपयों का इंतजाम होने की बात कही। दूल्हे ने तिलक न कर जयमाला डलवाने की बात कहते हुए नाराजगी जताई। इस पर दोनों पक्षों के समझाने पर तिलक चढ़ाया गया। जयमाल के दौरान फिर दूल्हा उन्हीं रुपयों को लेकर नाराज हो गया और उठकर सीधे कार में बैठ गया। दूल्हे की नाराजगी से दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। काफी समझाने बुझाने के बाद दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई। जानकारी पर पुलिस मामला शांत कराने के लिए दूल्हे को थाने ले आई। थाने में दोनों पक्षों में चार घंटे तक पंचायत चली लेकिन दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई। बाद में जेवर का लेनदेन कर शादी में हुआ खर्चा वर पक्ष ने वधू पक्ष को देकर समझौता कर लिया। इसके बाद बिना दुल्हन ही बरात लौट गई। निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने शादी न करने का आपस में समझौता कर लिया है। दोनों पक्ष घर चले गए हैं।