पुरवा। बिछिया गांव मायके आई महिला का शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच की लेकिन परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता पाए।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव निवासी राजेंद्र विश्वकर्मा की बेटी दीक्षा (30) का विवाह 13 अप्रैल 2025 को अचलगंज थाना क्षेत्र के रावल गांव निवासी नमन विश्वकर्मा से हुआ था। दीक्षा एमए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा थी और पुरवा के डिग्री कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। सेमेस्टर परीक्षा होने से वह 10 दिन पहले ही मायके आई थी। बृहस्पतिवार की शाम कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली। घर वालों ने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की सूचना पर पति सहित अन्य ससुराल वाले पहुंचे। पुलिस ने जांच की। पैनल में शामिल बांगरमऊ सीएचसी के डॉ. सागर सिंह और असोहा सीएचसी के डॉ. अखिलेश कुमार सिंह सोनी ने पोस्टमार्टम किया, उसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई है। वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। बेटी की मौत से मां और अन्य परिजन बेहाल हैं।
कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि महिला का मौत का कारण परिजन स्पष्ट नहीं कर पाए हैं और न ही किसी पक्ष ने अभी कोई आरोप लगाया है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।