उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार रात 12:45 बजे दिल्ली से बस्ती जा रही कूलर लदी डीसीएम बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पलट गई। लखनऊ की ओर से आ रही बस के चालक ने ब्रेक लगाई तो पीछे आ रही दूसरी बस उसमें भिड़ गई। इस हादसे एक यात्री की मौत हो गई जबकि छह घायल हैं।
दिल्ली से कूलर लादकर जा रही डीसीएम चालक को बृहस्पतिवार रात करीब 12:45 बजे देवरखेड़ा के पास झपकी आ गई। इससे डीसीएम बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पलट गई। बचने के लिए बस चालक ने ब्रेक लगाई तो पीछे से आ रही दूसरी बस उसमें भिड़ गई। दोनों बसों में 40-40 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि यात्री एक-दूसरे पर गिर गए और चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने उत्तराखंड के जिला चंपावत के सिमलकेत निवासी राकेश (35) को मृत घोषित कर दिया। घायलों में दिल्ली के बदरपुर निवासी रविकुमार (25), राजस्थान के झुंझुनू जिले के कोदाराकला निवासी सुरेश (45), बीकानेर निवासी रामसुंदर, आजमगढ़ के सुनील (35), देवरिया के मोइनुद्दीन (55) और कुशीनगर के नागेंद्र कुमार (35) शामिल हैं। इनमें से चार घायलों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि डीसीएम चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा दिया गया है।
-
लोडर से पोस्टमार्टम भिजवाया शव, पैसा परिजन से दिलवाया
हादसे में जान गंवाने वाले राकेश उत्तराखंड के जिला चंपावत के सिमलकेत के रहने वाले थे। लखनऊ के गोमतीनगर में रहने वाले चचेरे भाई पंकज सिंह ने बताया कि उसकी शादी थी। उसी में शामिल होने राकेश, मां कमला और छोटे भाई भगवान सिंह के साथ आए थे। बृहस्पतिवार को रिसेप्शन के बाद रात 11 बजे राकेश गुरुग्राम जाने के लिए निकले थे। साथ में दिल्ली में रहने वाली मौसेरी बहन रेखा भी थीं। बहन ने ही घटना की जानकारी दी थी। बहन को चोट नहीं आई थी। वह भाई का शव देख बदहवास हो गई थी। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद बहन को कार में बैठाया। सीएचसी में भाई का शव रखा था। पुलिस ने लोडर में लदवाकर शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा। इसका पैसा भी हम लोगों से दिलवाया गया। पोस्टमार्टम हाउस में शव डीप फ्रीजर में न रख ऐसे ही रख दिया गया। शव रखवाने के बाद बहन को छोड़ने लखनऊ गए। शुक्रवार को दोपहर बाद आकर पोस्टमार्टम कराया।
फोटो-15- राकेश सिंह (फाइल फोटो)
फोटो-15- राकेश सिंह (फाइल फोटो)