सोनिक। दही थाना क्षेत्र के गौरा गांव में टेंट हाउस संचालक के घर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान श्रमिक की शर्ट चलते जनरेटर में फंस गई। इससे उसकी मौत हो गई।
गौरा गांव निवासी कैलाश (26) पुत्र मेवालाल गांव के ही अमित के टेंट हाउस में मजदूरी करता था। शनिवार सुबह 11 बजे वेल्डिंग के काम में मदद कर रहा था। कान में ईयरफोन लगे थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे आवाज सुनाई नहीं दी। इसी दौरान उसकी शर्ट जनरेटर की घूमती रॉड में फंस गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे बिछिया सीएचसी ले गए। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बड़े भाई राजकुमार ने बताया कि कैलाश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अभी शादी नहीं हुई थी। बड़े भाई राजकुमार ने यह जानकारी दी। बेटे की मौत से मां माया और अन्य परिजन बेहाल हैं। दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि भाई की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों ने अभी किसी पर कार्रवाई न करने की बात कही है।