उन्नाव। अहरा डांडिया प्राथमिक स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्रों से सफाई कराने और अभिभावकों से अभद्रता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीएसए ने प्रधान शिक्षक को निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान प्रधान शिक्षक को मियागंज बीआरसी में संबद्ध किया गया है।
मियागंज ब्लॉक के अहरा डांडिया स्थित प्राथमिक स्कूल में छह अप्रैल को छात्रों से सफाई कराने के साथ अभिभावक राजा से स्कूल के प्रधान शिक्षक संतोष भारती से अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस पर बीएसए ने बीईओ मियागंज को जांच के लिए स्कूल भेजा था। बीईओ ने ग्राम प्रधान संगीता, अभिभावक राजा और प्रधान शिक्षक संतोष भारती के बयान दर्ज हुए थे। प्रधान शिक्षक ने बताया कि कई बार प्रयास किए जाने के बाद भी स्कूल में सफाई के लिए कर्मी नियुक्त नहीं किया गया। इससे छात्रों से सफाई में हाथ बंटवाया जाता था। स्कूल का स्टॉफ भी सहयोग करता था।
बीईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को पदीय दायित्वों का निर्वहन न करने, विभाग की छवि धूमिल करने, विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों से सफाई कराने और शैक्षिक और भौतिक परिवेश गंदा करने पर बीएसए शैलेश पांडेय ने निलंबित कर दिया है। बीएसए ने बताया कि बीईओ औरास को 15 दिन के अंदर आरोप पत्र जारी करके मामले की जांच जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।