उन्नाव। दयालखेड़ा स्थित मुर्गी फार्म के पास बृहस्पतिवार की शाम फैक्टरी कर्मी का शव फंदे से लटका मिला। खेत पर काम कर रहे किसानों ने शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली क्षेत्र के अवस्थीखेड़ा गांव निवासी कमल साहू (45) मगरवारा स्थित फैक्टरी में मशीन ऑपरेटर का काम करते थे। भतीजे प्रवीन साहू ने बताया कि चाचा बृहस्पतिवार की सुबह सिलिंडर भराने गए थे। दोपहर में सिलिंडर लेकर घर लौटे और कुछ देर रुके। इसके बाद किसी को बिना बताए घर से चले गए। चाचा का घर बन रहा था। इस कारण परिजन को लगा कि उसी काम से गए होंगे लेकिन बाद में उनका शव रेलवे लाइन किनारे मुर्गी फार्म के पास फंदे से लटका होने की जानकारी मिली।
मगरवारा चौकी इंचार्ज रविशंकर पांडेय ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। बताया कि परिजनों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है।