बीघापुर। चिकंदरपुर गांव में दरवाजे पर कूड़ा डालने को लेकर तीन परिवारों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट में धक्का लगने से वृद्ध जमीन पर गिर गया। उन्हें स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बिहार थानाक्षेत्र के चिकंदरपुर गांव में शनिवार को दरवाजे पर झाड़ू लगाने के बाद कूड़ा दरवाजे के पास फेंकने को लेकर महिलाओं में विवाद होने लगा। आपसी कहासुनी के बाद ईश्वरदीन यादव, पुत्तीलाल और राजन यादव के पारिवारिक सदस्यों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बीच बचाव करने पहुंचे ईश्वरदीन (70) धक्का लगने से गिर गए। परिजन सुमेरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर जांच की गई है। मारपीट में धक्का लगने से गिरने की बात बताई गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।