फोटो- 1-सीएचसी में भर्ती घायल नायब तहसीलदार धनीराम वर्मा। संवाद
बांगरमऊ (उन्नाव)। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर आलमपुर रेतवा गांव के पास बाइकों की भिड़ंत में नायब तहसीलदार गंभीर घायल हो गए। उन्हें स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। गंभीर हालत में लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के माथर गांव निवासी धनीराम वर्मा (55) कन्नौज में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को वह बाइक से कन्नौज जा रहे थे। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर आलमपुर रेतवा गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दूसरे बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे धनीराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दूसरी बाइक सवार मौके से भाग निकला।
राहगीरों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया है। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। भाग गए बाइक सवार का पता लगाया जा रहा है।