फोटो-28- उच्च प्राथमिक स्कूल पड़रीकला में प्रश्नपत्र का इंतजार करती छात्राएं। संवाद
- फोटो : नगर निगम क्षेत्र में खड़ा जर्जर स्थिति वाला पानी का टेंकर। संवाद
उन्नाव। जिले में 2.11 लाख छात्रों की परिषदीय स्कूलों की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। परीक्षाएं अधूरी तैयारियों के बीच आयोजित की गईं। पहले दिन बिछिया ब्लॉक के उच्च प्राथमिक स्कूलों में कृषि विषय के पेपर नहीं पहुंचे।
जिले के कुल 2305 परिषदीय स्कूलों में परीक्षाएं हो रही हैं। कक्षा एक से पांच तक के छात्रों की मौखिक परीक्षा हुई। कक्षा छह से आठ तक के छात्रों की कृषि, बेसिक क्राफ्ट, कला और गृह शिल्प की परीक्षा थी। बिछिया ब्लॉक के उच्च प्राथमिक स्कूलों में सुबह 10:10 बजे तक कृषि विषय का पेपर नहीं मिला। शिक्षकों ने बंडल खोलने पर कक्षा सात का कृषि पेपर गायब पाया। तुरंत बीईओ को इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में पड़ोसी ब्लॉक से प्रश्नपत्र मंगाए गए। छात्रों से ही उनकी फोटोकॉपी कराई गई। कुछ स्कूलों में व्हाट्सएप पर पेपर भेजकर ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखवाए गए।
पड़रीकला कंपोजिट स्कूल में छात्र साइकिल से पेपर की फोटोकॉपी कराते दिखे। मुर्तजानगर उच्च प्राथमिक स्कूल में कृषि विषय के प्रश्न ब्लैक बोर्ड पर लिखे गए। प्रधान शिक्षिका ईला शुक्ला ने बताया कि बंडल में कक्षा छह के दो बंडल थे। बंडल के कवर पर कक्षा सात लिखा था, पर अंदर पेपर नहीं था। जिम्मेदारों ने इसे बंडल भेजने में हुई गड़बड़ी बताया।
बीएसए शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है। स्वीकार किया कि एक ब्लॉक में कुछ दिक्कतें आई थीं। हालांकि बाद में व्यवस्था में सुधार कर लिया गया । बीईओ को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा में कोई समस्या न आए। मंगलवार को सभी छात्रों का गणित और संस्कृत विषय का पेपर होगा।
फोटो-28- उच्च प्राथमिक स्कूल पड़रीकला में प्रश्नपत्र का इंतजार करती छात्राएं। संवाद- फोटो : नगर निगम क्षेत्र में खड़ा जर्जर स्थिति वाला पानी का टेंकर। संवाद