नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार शाम चार बजे वाहन की टक्कर से बाइक सवार श्रमिक रामेश्वर (23) की मौत हो गई। वह हेलमेट लगाए था।
सोहरामऊ थानाक्षेत्र के कुशहरी गांव निवासी रामेश्वर मजदूरी करता था। शुक्रवार शाम वह अजगैन कोतवाली क्षेत्र के मिश्रीगंज गांव स्थित ननिहाल आया था। वहां से मौसेरे भाई सर्वेश की बाइक लेकर अजगैन गांव जा रहा था। अजगैन बाजार की मोड़ के पास वाहन ने टक्कर मार दी। उसे गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौसेरे भाई सर्वेश ने बताया कि रामेश्वर के माता-पिता का निधन हो चुका है। उसकी दो बहनें हैं जिनमें एक विवाहित और दूसरी अविवाहित है। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।