फोटो-33- दही -मोहनलालगंज मार्ग पर बैगांव के पास खंती में पलटी पड़ी बस व मौजूद पुलिस। स्रोत: ग्र
असोहा। मंगलवार दोपहर दही-मोहनलालगंज मार्ग पर बैगांव के पास एक निजी बस की स्टीयरिंग फेल हो गई। अनियंत्रित होकर बस सड़क किनारे खंती में पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हालांकि, इस दुर्घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ और सभी सुरक्षित रहे।
मौरावां से 35 सवारियां लेकर यह बस उन्नाव आ रही थी। बैगांव मोड़ के पास अचानक स्टीयरिंग फेल होने से यह हादसा हुआ। खेत में काम कर रहे लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पीआरवी के साथ एसआई सियाराम चौरसिया और विनोद सिंह मौके पर पहुंचे। मौजूद लोगों की मदद से बस में फंसी सवारियों को बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस सामने से आकर दायीं ओर पलट गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सभी सवारियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
बस में पुरवा स्थित बीएएसएस इंटर कॉलेज की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं भी थीं। शिक्षक कर्मचारी विजय उर्फ गुड्डू इन्हें उन्नाव स्ट्रांग रूम जमा करने जा रहे थे। पुलिस को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने सक्रियता दिखाई। पुलिस ने दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित गंतव्य तक भेजा। सीओ तेज बहादुर सिंह ने बताया कि कोई घायल नहीं हुआ है और अधिक सवारियां ले जाने वालों पर अभियान चलेगा।