अचलगंज। बंथर औद्योगिक क्षेत्र की एग्रीकॉम फूड प्रोसेसिंग कंपनी में काम करने वाले श्रमिक का शव टिनशेड के नीचे बेल्ट से लटकता मिला। पुलिस ने जांच की। पोस्टमॉर्टम के बाद कंपनी की एंबुलेंस से शव बिहार भेजा है।
बिहार प्रदेश के पश्चिम चंपारण जिले के पुरैनियास मैन टांडा गांव निवासी एजाज अहमद (21) पुत्र शेखनन्हू बंथर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एग्रीकॉम फूड प्रोसेसिंग फैक्टरी में मजदूरी करता था। परिसर में बनी मजदूरी कॉलोनी में रहता था। मंगलवार को उसका शव टिनशेड के नीचे चमड़े की बेल्ट से लटका मिला।
साथ में काम करने वाले फूफा यासीन सहित अन्य कर्मचारी पहुंचे और फैक्टरी प्रबंधन को जानकारी दी। प्रबंधक मोहम्मद शान फारुकी की सूचना पर पुलिस ने जांच की। यासीन ने बताया कि एजाज अहमद की शादी हो चुकी है। फोन पर पत्नी से ही विवाद हुआ था। अभी बच्चे नहीं हैं। वह तीन भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत से मां नूरजहां खातून और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि परिजनों को फोन पर जानकारी दी गई है। फूफा की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।