पुरवा। भूपतिपुर गांव में 15 दिन से लापता वृद्ध किसान की धारदार औजार से 12 दिन पहले सिर काटकर हत्या की गई थी। वीडियोग्रॉफी के बीच पैनल से हुए शव के पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि हुई है। सोमवार को पुलिस ने खोजी कुत्ते के माध्यम से शव वाले स्थान से 100 मीटर दूर सरसों के खेत में सिर का कंकाल बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल के पास से ही कपड़ा और चशमा भी बरामद किया है। बेटे की तहरीर पर दो के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज हुई है। दोनों फरार हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए अब तक पांच को उठाया है।
कोतवाली क्षेत्र के भूपतिपुर गांव निवासी शिवपाल रावत (65) का सिर कटा शव रविवार की शाम गांव से तीन किमी. दूर असेहरू गांव के पास अरहर के खेत में मेड़ के किनारे पड़ा मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था। बेटे बबलू ने चारपाई बिनवाने के लिए साथ ले जाने वाले गांव के रामबाबू और कस्बे के लाखन सिंह पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
सोमवार की सुबह डॉग स्कॉवाड, सर्विलांस टीम के साथ पुलिस शव मिलने वाले स्थान पर पहुंची। वहां से 100 मीटर दूर गुड्डू पांडेय के सरसों के खेत में सिर का कंकाल मिला। टीम ने उसको कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। 10 मीटर दूर मृतक के शर्ट और स्वेटर भी बरामद हुए हैं। पैनल में शामिल सुमेपुर पीएचसी के डॉ. सुनील कुमार और ब्योली इस्लामाबाद पीएचसी के डॉ. रमन सिंह ने वीडियोग्रॉफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया। इसमें सिर काटकर हत्या की पुष्टि हुई है। सीओ तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटनास्थल से 200 मीटर दूर है नामजद आरोपी लाखन की झोपड़ी
किसान की हत्या में नामित लाखन सिंह के यहां ही शिवपाल चारपाई बीनने गए थे। जिस स्थान पर शिवपाल का शव मिला है, वहां से 200 मीटर दूर लाखन की झोपड़ी है। झोपड़ी के पास बसुली पड़ी मिली है। झोपड़ी से ही 100 मीटर दूर सिर का कंकाल पड़ा मिला। पास में दो फीट का डंडा, 30 मीटर दूर गमछा पड़ा मिला है। पास में एक गड्ढा भी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सामान या फिर शव उसी में छिपाने का प्रयास किया गया होगा। परिजनों ने बताया कि लाखन उसी झोपड़ी से कच्ची शराब बेचता है। शिवपाल शराब का लती होने से वहीं पीने जाते थे। हत्यारोपी लाखन अपराधी किस्म का है। उस पर पहले से अवैध शराब बिक्री, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। नाती करन ने बताया कि पुलिस ने झोपड़ी से चाकू भी बरामद किया है।