फोटो-29-दही चौकी में गुलाल तैयार व पैकिंग करतीं महिलाएं। स्त्रोत: एनआरएलएम कर्मी।
उन्नाव। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 12 स्वयं सहायता समूह की 50 महिलाओं ने इत्र और प्राकृतिक वस्तुओं से आठ क्विंटल हर्बल गुलाल तैयार किया है। बिक्री की शुरुआत मंगलवार से विकास भवन में स्टाॅल लगाकर की जाएगी
दही चौकी के अपराजिता संकुल संघ से जुड़े 12 स्वयं स्वयं सहायता समूहों की 50 महिलाएं हर्बल गुलाल बना रही हैं। नारंगी, फिरोजी, बैंगनी, हरा रंग का करीब आठ क्विंटल गुलाल तैयार कर लिया है। कन्नौज के इत्र से महकता यह हर्बल गुलाल दूसरे जिलों के लोगों को भी खूब पसंद आ रहा है।
सोशल मीडिया के माध्यम से दूसरे जिलों से ऑर्डर मिल रहे हैं। बताया कि एक किलो हर्बल गुलाल तैयार करने में करीब 75 रुपये लागत आती है जबकि बिक्री 100 रुपये किलो होती है। प्रति किलो 25 रुपये की बचत होगी।
एनआरएलएम के जिला मिशन मैनेजर सुनील कुमार ने बताया कि होली पर्व के लिए समूह की महिलाओं ने प्राकृतिक रूप से हर्बल तैयार किया है जो सुगंध व स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। (संवाद)