सफीपुर। मियागंज चौराहे से सरंबा नहर पुल के बीच शारदा ब्रांच नहर पटरी पर वन विभाग के 10 यूकेलिप्टस के पेड़ रात में काटे जा रहे थे। सिंचाई खंड के अमीन ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की पहचान की और थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
अमीन दिनेश कुमार को शुक्रवार की रात आसीवन थाना क्षेत्र में पेड़ काटने की सूचना मिली। उन्होंने मौके पर एक युवक को पेड़ कटवाते देखा जिसने अपना नाम सुधीर बताया। सुधीर ने वन विभाग के आदेश पर पेड़ काटने का दावा किया। उपनिरीक्षक सीताराम और वन विभाग के गार्ड सियाराम ने मौके पर पहुंचकर आदेश न होने की पुष्टि की। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अमीन की तहरीर पर सुधीर पर राजकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने कटी लकड़ी बरामद की है। आरोपी के निवास स्थान का अभी पता नहीं चला है।