फोटो-28- शिक्षामित्र पत्नी का हत्यारोपी ओमकार। संवाद
असोहा (उन्नाव)। असोहा के गोकुलपुर गांव में 21 दिन पहले शिक्षामित्र श्रीकांती की हत्या के मामले में पुलिस ने पति ओमकार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में ओमकार ने कबूल किया कि उसी ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की थी। बताया कि पत्नी किसी से फोन पर बात करती थी और उसे देखकर फोन बंद कर देती थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। हत्या की प्राथमिकी में अब ओमकार का नाम जोड़ा गया है और उस पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में ओमकार टूट गया और उसने सारा राज खोल दिया। बताया कि पत्नी श्रीकांती के पास छोटा मोबाइल था जिससे वह लगातार किसी से बात करती रहती थी। जब भी वह जाता तो वह फोन बंद कर देती थी। करीब एक महीने पहले उसने पत्नी को फोन करने पकड़ा था जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ था लेकिन पत्नी ने अपनी आदत नहीं छोड़ी। शक और संदेह के चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी। बताया कि किसी कुछ दिखाई न दे, इस कारण उसने घर की इन्वर्टर लाइन भी काट दी। रात में जब पत्नी लघुशंका के लिए उठी तो उसने रास्ते में पकड़कर गोली मार दी। किसी को शक न हो इसके लिए छत पर जाकर दो हवाई फायर भी किए थे।
इनसेट...
पिता को जेल जाते देख बिलख पड़ी बेटी
हत्या के बाद ओमकार ने तमंचा गांव के बाहर तालाब के किनारे छिपा दिया था जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। सीओ तेजबहादुर सिंह ने बताया कि पति से दोबारा हुई पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की है और तमंचा भी बरामद हो गया है। हालांकि जिस मोबाइल से पत्नी बात करती थी वह अभी बरामद नहीं हुआ है। उसकी तलाश की जा रही है। जेल जाते समय हत्यारोपी पति ओमकार बेटी रिया को देखकर रो पड़ा। मां की हत्या और पिता को जेल जाते देख बेटी रिया भी बिलख पड़ी। चर्चा है कि घटना के बारे में बेटी को पूरी जानकारी थी लेकिन उसने पिता को बचाने के लिए किसी से कुछ नहीं कहा।