सफीपुर। पत्नी से विवाद पर ससुरालीजनों से समझौता वार्ता के दौरान मंगलवार को लोकोपायलट (पति) आग से झुलस गया था। घटना में पिता ने बहू सहित बेटे की ससुरालीजनों सहित पांच पर हत्या के इरादे से पेट्रोल डाल आग लगाने और सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
सफीपुर कोतवाली के गौरी गांव निवासी बालदत्त ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बेटे जयकरन सिंह की शादी कानपुर चौबेपुर के भट्टा कोठी निवासी दीपिका पुत्री गिरजाशंकर कुरील से 12 फरवरी 2023 को हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही दीपिका का व्यवहार पति जयकरन के साथ बिगड़ने लगा। दीपिका छोटी-छोटी बातों पर लड़ती थी। घरेलू हिंसा और ड्यूटी के दौरान फोन करके मानसिक उत्पीडन करना, सरकारी ड्यूटी करने में बाधा पहुंचाना आम हो गया था। डांटने पर, मुकदमों में पूरे घर को फंसाने और जान से मरवाने की धमकी देती रहती थी।
आरोप है कि भय और मानसिक तनाव के चलते बेटा जयकरन तीन महीने से ड्यूटी पर नहीं गया। आरोप है कि दस फरवरी को जयकरन की सास माया देवी, दोनों साले, फूफा व अन्य लोग सुलह-समझौता के बहाने घर आए। समझौते की बात हो रही थी तभी बेटे के साले संदीप और आदर्श बेटे जयकरन सिंह को बात करने के बहाने गैलरी में ले जाकर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी। चीख सुन पहुंचा तो वह लपटों से घिरा था, जैसे-तैसे आग बुझाई और सीएचसी पहुंचाया। घटना के बाद बेटे के ससुरालवाले भाग गए।
एसओ एसएन त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर माया देवी, उनकी बेटी दीपिका, दोनों बेटे आदर्श, संदीप और फूफा पर एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।