गंजमुरादाबाद। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर डीसीएम की टक्कर से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से बांगरमऊ सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के नसिरापुर गांव निवासी ज्ञानचंद्र (40) अपने ई-रिक्शा पर गांव की मीरादेवी (65) और रामश्री (72) को रिक्शे में बिठाकर बांगरमऊ जा रहे थे। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर दुल्लापुर गांव के पास दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर ई-रिक्शा पलट गया। घटना में रिक्शा चालक और दोनों वृद्ध महिलाएं घायल हो गईं। सीएचसी लाने पर डॉक्टर ने वृद्ध महिलाओं को रेफर कर दिया। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि डीसीएम की तलाश की जा रही है।