फोटो-10- लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटा पड़ा लोडर। स्रोत: पीआरवी
गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार की दोपहर लोडर का पिछला टायर फटने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस हादसे में लोडर चालक रेहान (30) और कपड़ा व्यापारी साजिद (50) घायल हो गए।
मेरठ से कपड़े की गांठें लादकर लखनऊ जा रहे लोडर के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के भवानीखेड़ा गांव के पास पहुंचते ही पिछला टायर फट गया। टायर फटने के कारण लोडर अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे के डिवाइडर से जा टकराया और पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा और पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया। क्रेन की मदद से लोडर को सड़क किनारे किया गया।
कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि तेज रफ्तार लोडर का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया था। घायल चालक और कपड़ा व्यापारी का सीएचसी में इलाज चल रहा है।