फोटो-28- कपड़ों में लिखे धार्मिक नाम को दिखाते दुकानदार दीन मोहम्मद। संवाद
उन्नाव। दिल्ली के शाहीन बाग से बिक्री के लिए थोक में खरीदकर लाए गए कपड़ों को जब दुकानदारों ने खोलकर देखा तो उसमें धार्मिक नाम लिखे दिखे। इस पर दुकानदारों ने आक्रोश जताया। धवनरोड पर लोगों की भीड़ लग गई। आपसी सौहार्द न बिगड़े इसलिए दुकानदारों ने ऐसे कपड़ाें की बिक्री पर रोक लगाने के साथ जिस कंपनी ने यह बनाए हैं, उन पर कार्रवाई कराने की मांग की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के धवनरोड स्थित बाजार में ‘अल्लाह’ और ‘मोहम्मद’ जैसे धार्मिक नाम लिखे लोवर और टी-शर्ट की बिक्री सोमवार देर शाम की जा रही थी। ऊर्दू में नाम लिखा होने से कई दुकानदार समझ नहीं पाए। जब मुस्लिम दुकानदारों ने देखा तो आपत्ति जताई। दुकानदार दीन मोहम्मद ने बताया कि दैनिक पहनावे के कपड़ों पर धार्मिक नामों का लिखा होना आपत्तिजनक है। तर्क दिया कि कपड़े सामान्य दिनचर्या में पहने जाते हैं। इससे असावधानीवश अपमान भी हो सकता है। आशंका जताई कि इससे सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने बताया कि यह माल दिल्ली के शाहीन बाग स्थित एक दुकान से थोक में मंगाया गया था। उन्होंने बताया कि धवन रोड के दुकानदारों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस प्रकार के कपड़े न तो बेचेंगे और ना ही मंगाएंगे।दुकानदारों ने आपसी समझदारी और शांति बनाए रखने पर जोर देते हुए मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की बात कही है।