सफीपुर (उन्नाव)। आसीवन थाना क्षेत्र के कुरसठ स्थित शराब ठेके से घर जा रहे बाइक सवार सेल्समैन को बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी। दाहिने ओर कंधे से सीने में गोली धंसने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर दो थानों की फोर्स के साथ एसपी, एएसपी, सीओ और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पिता की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
औरास थाना क्षेत्र के गांव बड़ादेव निवासी सुधीर प्रजापति (35) आसीवन थानाक्षेत्र के कस्बा कुरसठ स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन था। सोमवार की सुबह करीब दस बजे साथी सेल्समैन नारेंद्र शुक्ला के आने पर वह बाइक से कपड़ों का बैग लेकर से घर जा रहा था। पहाड़पुर-शरीफाबाद संपर्क मार्ग पर आसीवन थानाक्षेत्र के बीजीमऊ गांव के पास पीछे से आए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने सुधीर के दाहिने कंधे में पीछे से गोली मार दी और भाग निकले।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे तो सुधीर लहूलुहान होकर जमीन पर पड़ा था। घटनास्थल से लाल रंग की पल्सर बाइक सवार दो नकाबपोश युवक जाते दिखे थे। सूचना पर एसओ प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच जांच की तो मोबाइल और बाइक वहीं पड़ी थी जबकि कपड़ों से भरा बैग गायब था। सीओ संतोष सिंह कोतवाल, बांगरमऊ अखिलेश पांडेय फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर जांच की। एसपी जयप्रकाश सिंह और एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बेटे की मौत की सूचना पर पहुंचे पिता रामलखन ने किसी से दुशमनी की बात नहीं बताई। सिर्फ मृतक की पत्नी से विवाद चलने और उसी के द्वारा बेटे और अन्य ससुराल वालाें पर घरेलू हिंसा का वाद दायर करने की बात बताई। फिलहाल पुलिस लूट के शक में हत्या का अनुमान लगा रही है।
सीओ संतोष सिंह ने बताया कि मृतक के पिता ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। उनकी तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
पति से विवाद के बाद दो साल से मायके में है पत्नी
महिला ने पति सहित अन्य ससुराल वालों पर दायर कर रखा है घरेलू हिंसा का वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सफीपुर। पुलिस अभी लूट के इरादे से सेल्समैन की हत्या मान रही है। पिता के बताने पर कि पति-पत्नी के बीच दो साल से विवाद चल रहा है और पत्नी ने लखनऊ के रहीमाबाद थाने में पति सहित अन्य ससुरालीजनों पर वाद दायर करने की बात सामने आने पर पुलिस ने उस बिंदु को भी जांच में शामिल किया है।
औरास थानाक्षेत्र के गांव बड़ादेव निवासी सुधीर प्रजापति का बैग गायब होने पर पुलिस लूट के इरादे से सेल्समैन की हत्या का अनुमान लगा रही है। रामलखन ने पुलिस को बताया है कि सुधीर उनका इकलौता बेटा था। साल 2018 में उसका विवाह लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गांव गदियनखेड़ा गांव निवासी शीतल से हुआ था। पति-पत्नी में विवाद होने से दो साल पहले वह बेटे को लेकर मायके चली गई थी। वहीं थाने में बेटे और हम लोगों के खिलाफ घरेलू हिंसा का वाद दायर किया था। वाद दायर करने के बाद वह बेटे से मिलना चाहती थी लेकिन बेटे का उस पर विश्वास उठ जाने से वह उसे साथ नहीं रखता था। बेटे की मौत से मां रामपती और अन्य परिजन बेहाल हैं।
बांगरमऊ ठेके से पांच दिन पहले ही कुरसठ ठेके पर आया था
सफीपुर। बेटे की मौत पर थाने पहुंचे पिता रामलखन ने पुलिस को बताया कि बेटा पहले लखनऊ निवासी मनीष सिंह के बांगरमऊ स्थित शराब ठेके पर काम करता था। अभी पांच दिन पहले उसने उन्हीं के आसीवन के कुरसठ स्थित ठेके पर काम करना शुरू किया था। वह 10 दिन बाद घर आ रहा था लेकिन यह नहीं पता था कि अब वह कभी देखने को नहीं मिलेगा।
उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारोपियों को पकड़ने की मांग की है। उधर पुलिस के सीसीटीवी कैमरे में हत्यारोपियों का सुराग मिलने के बाद टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लग गई हैं। चर्चा है कि देर रात तक पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
फोटो-10- सेल्समैन की हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करते एसपी जयप्रकाश सिंह। संवाद
फोटो-10- सेल्समैन की हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करते एसपी जयप्रकाश सिंह। संवाद