औरास। संडीला-चकलवंशी मार्ग पर एक्सप्रेसवे के इनायतपुर बर्रा स्थित अंडरपास के पास चंडीगढ़ जाने के लिए सवारी बैठा रही बस के चालक से पुलिस ने परमिट समेत अन्य कागजात मांगे। कागज न दिखा पाने पर पुलिस ने बस सीज कर दी।
औरास क्षेत्र से चंडीगढ़ के लिए रोजाना स्लीपर बसें आती हैं और सवारियां ले जाती हैं। बसों के संचालकों ने ब्लॉकवार बस चालकों से बात कर रखी है। इन बसों के चालक चंडीगढ़ जाने वाली सवारियों को एक जगह एकत्र करते हैं। बाद में स्लीपर बस आकर उन्हें ले जाती है।
बुधवार को भी बदायूं जिले के बिसौली के मोहल्ला बद्रीप्रसाद कॉलोनी निवासी बस चालक मधुर चौहान और मुरादाबाद जिले के बनियाढीर थाना क्षेत्र के सरतलखेड़ा गांव निवासी परिचालक सचिन इनायतपुर बर्रा गांव के पास एक्सप्रेसवे के अंडर पास के नीचे बस में चंडीगढ़ के लिए सवारियां बैठा रहे थे।
पुलिस ने बस चालक व परिचालक से गाड़ी के दस्तावेज मांगे लेकिन वह कोई कागज नहीं दिखा पाए। इस पर बस सीज कर दी गई।थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि चालक द्वारा परमिट सहित अन्य कागजात न दिखा पाने पर कार्रवाई की गई है।