उन्नाव। शहर की क्लासिक बेकरी में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छापा मारा। यहां भीषण गंदगी के बीच केक और अन्य बेकरी उत्पादों का निर्माण होते मिला। इसके अलावा कई पैकेट एक्सपायरी तिथि के मिले। इस पर अधिकारियों ने चार नमूने लेकर संचालक को नोटिस जारी किया है।
सहायक खाद्य आयुक्त प्रियंका सिंह के नेतृत्व में टीम ने क्लासिक बेकरी में जांच के मैंगो फ्लेवर के केक, रेड वेलवेट पेस्टी, पिंक शुगर पेस्टी और एक अन्य उत्पाद का सैंपल लिया। बेकरी में अत्यधिक गंदगी व एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने पर नोटिस थमाया। इसके बाद टीम मोहित बेकरी नवाबगंज पहुंची। यहां पर एक पेस्टी का नमूना लिया।
नवाबगंज में ही अखिलेश कुमार की बेकरी में निरीक्षण के दौरान केक सहित दो नमूने लिए। एक पैक्ड मैंगो स्टिक्स, एक किग्रा शुगर पेस्ट, दस पैकेट केक कलर, पांच पैक्ड चोकोस्टीक्स तथा 2.5 किग्रा केक बेस नष्ट कराया गया। सूर्या आइसक्रीम एंड बेकरी में कमियां मिलने पर परिसर को अग्रिम आदेशों तक बंद करने व सुधार के लिए नोटिस दी गई। दो केक, एक मैदा तथा दो फ्लेवर के नमूने लिए गए। 62 ट्रे केक बेस नष्ट कराया गया। सहायक खाद्य आयुक्त ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष वर्मा, राजेंद्र प्रसाद, उपासना साह, रुचि बाजपेयी, पल्लवी शर्मा एवं आकांक्षा जायसवाल शामिल रहीं।