फोटो-4- युवक की मौत के बाद सीएचसी में बिलखते परिजन। संवाद
नवाबगंज। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर बुधवार की सुबह साइकिल से घर लौट रहे युवक की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
दही थाना के कुमेदान खेड़ा गांव निवासी अमित (35) बुधवार सुबह आठ बजे वह बिचपरी गांव अपने दोस्त से उधार लिए रुपये लौटाने गए थे। दो घंटे बाद घर लौट रहे थे। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बशीरतगंज के पास एक होटल के सामने वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस से नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
युवक के मोबाइल से पुलिस ने घर वालों को घटना की जानकारी दी। सीएचसी पहुंचे बड़े भाई गुड्डू ने बताया कि अमित मजदूरी करते थे। वह सुबह दोस्त को रुपये देने की बात कहकर निकले थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। पत्नी रानी, बेटी कामिनी और बेटा हर्ष बेहाल हैं। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।