फोटो-26- शव बरामद होने की सूचना पर घटना स्थल जांच करती पुलिस। संवाद
चकलवंशी/नवाबगंज। अजगैन के कुसुंभी से लापता युवक का शव 25 किलोमीटर दूर माखी क्षेत्र के शारदा नहर पटरी पर सोमवार दोपहर पड़ा मिला। गले में काला निशान होने से गला कसकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। शरीर पर और कोई चोट का निशान नहीं मिला है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कुसुंभी गांव निवासी विमलेश उर्फ गुड्डू (37) सोहरामऊ स्थित एक शीतल पेय बनाने वाली फैक्टरी में सफाई कर्मी था। उसे प्रिस्टीन फेसेल्टी एमजीएमटी प्राइवेट लिमिटेड ग्रेटर नोएडा की एजेंसी ने काम पर रखा था। रविवार दोपहर काम करने के बाद निकला था। उसे कुंसुंभी गांव के पास देखा गया था। इसके बाद लापता हो गया था। परिजन तलाश कर रहे थे। रात में घर न आने पर सोमवार सुबह पिता लल्लू ने अजगैन कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी थी।
सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे उसका शव माखी थानाक्षेत्र के शारदा नहर पटरी पर मेहरवान खेडा गांव के पास मिला। चरवाहों ने शव देख ग्रामीणों को बताया तो वहां भीड़ लग गई। पुलिस ने जांच की तो उसके पास प्रिस्टीन फेसेल्टी एमजीएमटी प्राइवेट लिमिटेड ग्रेटर नोएडा नाम की कंपनी का पहचान पत्र मिला जिसमें नाम विमलेश लिखा है। मृतक के गले में चोट का निशान है, इससे रस्सी या किसी कपड़े से गला कसकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक के पिता लल्लू ने बताया कि बेटे की गुमशुदगी की तहरीर दी थी, उन्होंने किसी से कोई दुश्मनी न होने की बात बताई है। विमलेश तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था, छोटा भाई मानसिक बीमार रहता है। पत्नी अनीता के साथ बच्चों में बेटी राशि, अंश और आव्यांश हैं।
फैक्टरी के मैनेजर कमलेश कुमार ने बताया कि विमलेश ने रविवार दोपहर तक ड्यूटी करने के बाद ही निकला था। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों को बुलाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही हकीकत सामने आएगी।