हसनगंज। अजगैन-मोहान मार्ग पर एक गैस एजेंसी के पास मंगलवार शाम पांच बजे बाइकों की भिड़ंत के बाद एक बाइक सवार सड़क पर गिर गया, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया और लखनऊ की ओर भाग निकला। हादसे में दूसरा युवक भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया, दूसरे के गंभीर हालत में लखनऊ केजेएमयू रेफर किया है। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के धौरा गांव निवासी सुखबीर (20) पुत्र महादेव मंगलवार शाम उन्नाव से घर बाइक से जा रहा था। अजगैन-मोहान मार्ग पर गैस एजेंसी के पास लखनऊ की ओर से आ रहे क्षेत्र के टीकवामऊ गांव निवासी हर्षित द्विवेदी (21) पुत्र रविशंकर की बाइक सामने से टकरा गई। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। उसी दौरान मोहान की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने सुखबीर को कुचल दिया और भाग निकला। घटना में हर्षित को भी गंभीर चोट आईं। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने सुखबीर को मृत घोषित कर दिया। हर्षित की हालत गंभीर देख केजीएमयू रेफर किया गया। बड़े भाई रामरत्न ने बताया कि सुखबीर लखनऊ में मजदूरी करता था। वह दो भाइयों में छोटा था।
कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, दूसरे की हालत गंभीर है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डंपर का पता लगाया जा रहा है।