उन्नाव। हाईवे से लखनऊ जाने पर भारी वाहनों के रोक लगाने से इनको पुरवा मोड़ से मोहनलालगंज के रास्ते लखनऊ भेजा जा रहा है। इससे हाईवे पर दिन में कई बार लंबा जाम जाता है। समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने दो वैकल्पिक रास्ते खोले हैं। उन्नाव में अजगैन-मोहान मार्ग से बुद्धेश्वर और लखनऊ में जाम होने पर जुनाबगंज तिराहा से लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर भारी वाहन पहुंच सकेंगे।
कानपुर-लखनऊ के बीच एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का काम शुरू होने के बाद से अक्तूबर 2023 से दिसंबर 2024 तक भारी वाहनों के कानपुर-लखनऊ हाईवे से लखनऊ जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। हालांकि इसके के बाद भी हर महीने-डेढ़ महीने पर भारी वाहनों के लखनऊ में प्रवेश पर रोक लगा दी जाती है। इस समय लखनऊ के बनी कस्बे में एक्सप्रेसवे पर स्लैब और गर्डर रखने का काम होने से छह दिसंबर को भारी वाहनों को हाईवे से लखनऊ जाने से रोक लगा दी थी। इस पर रोजाना औसतन 15 हजार भारी वाहनों को दही चौकी तिराहे से पुरवा, मौरावां और मोहनलालगंज होते हुए लखनऊ भेजा जा रहा है। इससे पुरवा मोड़ पर रोजाना कई बार जाम लगता है।
भारी वाहनों के पुरवा की तरफ मोड़ने के दौरान लखनऊ की ओर से कानपुर की ओर जाने वाली लेन का यातायात रुक जाता है। कई बार वाहन चालकों की जल्दबाजी में यातायात उलझ जाता है और घंटों तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगता है। इससे हाईवे पर दोनों तरफ का यातायात प्रभावित होता है।
यातायात प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि हाईवे पर जाम की समस्या को देखते हुए अब अजगैन से मोहान मार्ग से भी भारी वाहनों को भेजा जा रहा है। बताया कि वह बुद्धेश्वर चौराहे से लखनऊ पहुंच सकेंगे। वहां से हरदोई की ओर या लखनऊ में कहीं भी जा सकेंगे। इससे पुरवा मोड़ पर जाम से राहत मिलेगी। लखनऊ की तरफ भी जाम से बचने के लिए जुनाबगंज से वैकल्पिक रास्ता दिया गया है। जुनाबगंज तिराहा पहुंचने वाले भारी वाहन मोहनलालगंज होते हुए रायबरेली-लखनऊ-सुल्तानपुर तिराहा से जा सकेंगे। यातायात प्रभारी ने बताया कि इससे लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जाम से राहत मिलेगी।
लखनऊ के बनी, बंथरा में जाम हो तो इन रास्तों से निकालें हल्के वाहन
-लखनऊ की ओर जाने वाहन सवार नवाबगंज टोल प्लाजा के आगे भल्लाफार्म मोड़ से असोहा, कालूखेड़ा, सचेंडी होते हुए मोहनलालगंज पहुंच सकते हैं।
-सोहरामऊ से असोहा होते हुए कालूखेड़ा होते हुए सचेंडी होकर से मोहनलालगंज से लखनऊ, रायबरेली सुल्तानपुर सहित अन्य रूटों पर जा सकते हैं।
-उन्नाव से लखनऊ की ओर से जाने वाले भारी वाहनों को दही तिराहे से पुरवा मोड़ से मौरावां की ओर रायबरेली सीमा में भेजा जाएगा। जहां से वाहन मोहनलालगंज या किसान पथ होते हुए लखनऊ प्रवेश कर सकते हैं।