बीघापुर। बारासगवर कस्बे में छह साल का बच्चा खेलते समय अचानक लापता हो गया। काफी देर तक नजर न आने पर तलाश शुरू की गई। छह घंटे बाद उसका शव घर के सामने बोरिंग के गड्ढे में मिला। मां ने हत्या की आशंका जताई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बारासगवर कस्बा निवासी पंकज पासवान का छह साल का बेटा रितेश रविवार की दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। करीब एक बजे लापता हो गया। तलाश शुरू हुई तो शाम करीब सात बजे पड़ोसी अल्ताफ के निर्माणाधीन घर में कराई गई बोरिंग के गड्ढे में उसका शव मिला। मां रन्नो ने बताया कि रितेश कक्षा एक का छात्र था, उन्होंने बेटे की हत्या करने की भी आशंका जताई। इस पर पुलिस ने गहनता से जांच की और शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमे डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
मां ने बताया कि रितेश तीन बच्चों में सबसे छोटा था। दो बड़ी बेटियां सोनी और ऋषिका है। पिता पंकज दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। इकलौते बेटे की मौत परिजन बेहाल हैं। बेटे की मौत की सूचना पर पिता सोमवार सुबह दिल्ली से घर आए। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। डूबने से बच्चे की मौत हुई है। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।