चकलवंशी। जरेलिया गांव से 300 मीटर दूर बाग में मंगलवार को 12 दिन पुराना किशोर का सड़ागला शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच की तो वह घटनास्थल से छह किलोमीटर दूर बक्तौरखेड़ा गांव के किशोर का निकला।
माखी थानाक्षेत्र के मढि़या गांव निवासी सर्वेश की बाग से दोपहर में दुर्गंध आने पर चरवाहों ने जाकर देखा तो रस्सी से सड़ा गला शव लटक रहा था। प्रधान की सूचना पर पुलिस ने जांच की शव के पास कोल्डड्रिंक की बोतल में तरल पदार्थ मिला। जांच के दौरान पता चला कि घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर दोपुला चौराहे पर अजगैन कोतवाली के बक्तौरखेड़ा गांव निवासी सुंदरलाल (15) पुत्र रामचंद्र के गुमशुदा का पोस्टर लगा है। पोस्टर में जिस नीली साइकिल का जिक्र है वह भी गांव के पास कुछ समय पहले मिली थी।
अजगैन पुलिस से संपर्क पर परिजनों का नंबर लिया। मौके पर पहुंचे किशोर के पिता रामचंद्र और बड़ा भाई अमरजीत ने शव की पहचान की। भाई ने बताया कि सुंदरलाल मानसिक परेशान रहता था। वह आए दिन कहीं न कहीं निकल जाता, फिर कभी एक दिन तो कभी दो दिन बाद आता। 24 अक्तूबर को भी वह बिना बताए निकला था। दो दिन न लौटने पर अजगैन कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है।