उन्नाव। हाईवे किनारे वसुंधरा रिजॉर्ट में दो पक्षों में चल रहे विवाद में रिजॉर्ट के बाहर पुलिस तैनाती के बाद भी सोमवार रात दो पक्षों में विवाद और फायरिंग हुई। इसमें एक पक्ष को गोली लगी। किसी के तहरीर न देने पर कोतवाल ने खुद तहरीर देकर युवक, उसके दो पुत्र सहित चार नामजद और अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गदनखेड़ा के पास कमलापति इंटर कालेज की जमीन व वसुंधरा रिसॉर्ट में कब्जे को लेकर प्रबंधक सुरेंद्र बाजपेई और सुशील शुक्ला के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। कागजात न दिखा पाने पर 28 अक्तूबर को हुए विवाद के बाद पुलिस ने रखवाली के लिए एक-दो लोगाें को ही यहां रहने के निर्देश दिए थे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात किया गया है। दरोगा पंकजराज शरद, आरक्षी मनोज यादव, मंजीत सिंह, रोहित कुमार और शेर सिंह की ड्यूटी लगी है।
सोमवार की रात 10 बजे सुशील शुक्ला के पुत्र सिद्धांत, भाई अरुण और अन्य साथियों के साथ आए और रिसॉर्ट में काम करने वाले कमल किशोर को धमकाया। आरोप है कि अरुण बाजपेई की बंदूक से कमल किशोर पर फायरिंग की इससे गोली दाहिने हाथ की कलाई में लगी। कोतवाल संजीव कुशवाहा ने बताया कि सुशील शुक्ला अपने साथियों के साथ आए और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, बाद में निजी अस्पताल में छोड़कर भाग गए। कोतवाल ने बताया कि आरोपियाें की तलाश की जा रही है। बताया कि 28 अक्तूबर को मारपीट की घटना में एक महिला की ओर से सुशील शुक्ला पर लगाए गए आरोपों पर भी रिपोर्ट दर्ज कर जांच में शामिल किया गया है।