असोहा। समाधा गांव में 11 दिन पहले कुत्ते के गंदगी फैलाने पर हुई मारपीट में गर्भवती के पेट पर युवक ने लात मार दी थी। इससे चार माह के भ्रूण की हलचल बंद है। अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के आधार पर उसे सीएचसी से जिला महिला अस्पताल भेजा है। असोहा थाना के समाधा गांव निवासी संतोष तिवारी का पालतू कुत्ता 21 अक्तूबर को सामने रह रहे इंदल चौरसिया के घर के सामने गंदगी फैला रहा था। इसको लेकर इंदल की विवाहित बेटी गुड़िया और संतोष की पत्नी पूजा में मारपीट हो गई थी। गुड़िया के मुताबिक वह चार माह की गर्भवती है। आरोप लगाया कि संतोष के बेटे मयंक ने पेट पर लात मारी थी। इससे पेट में तेज दर्द हुआ। शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
अल्ट्रासाउंड कराया तो भ्रूण की हलचल बंद होने की रिपोर्ट आई। एक नवंबर को परिजनों ने गुड़िया को सीएचसी पहुंचाया। वहां से जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष फूलसिंह ने बताया तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही हैं। आरोपी मयंक को गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।