फोटो-27-आग से हुए नुकसान को देखता पीड़ित दुकानदार गुरुप्रसाद। संवाद
- फोटो : काव्य पाठ करता कवि।
उन्नाव। बड़ा चौराहा स्थित न्यू गुरु प्रसाद बूट हाउस में सोमवार रात 11 बजे अचानक आग लग गई। धुआं और लपटें शटर के बाहर आने पर आसपास की दुकानदारों में खलबली मच गई। सूचना पर दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। आग से तीन लाख का नुकसान हुआ है।
दुकान मालिक गुरुप्रसाद ने बताया कि शहर के बड़ा चौराहा पर उनकी जूते-चप्पल की दुकान है। दिवाली पर्व होने से सोमवार को रात नौ बजे दुकान बढ़ाकर घर चले गए थे। रात करीब 11 बजे आसपास के दुकानदारों ने बताया कि दुकान के अंदर से धुआं निकलने के साथ आग की लपटें निकल रही हैं। इस पर वह मौके पर पहुंचे और दमकल को सूचना दी।
सीएफओ अनूप सिंह व एफएसओ राममिलन भारती दो वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। पहले शटर के नीचे से किसी तरह पानी दुकान के अंदर पहुंचाया। जब शटर पूरी तरह खुल पाया तो तब अंदर आग बुझाना शुरू किया। डेढ़ घंटे में पूरी तरह से आग पर काबू पाया जा सका। आग से करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है, इसमें जूते-चप्पलों के साथ फर्नीचर और अन्य सामान शामिल है।
सीएफओ अनूप सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान है। फिलहाल अभी इसका सही पता नहीं लग पाया है। आग लगने का कोई दूसरा कारण समझ में भी नहीं आ रहा है।