फोटो-26-धर्मेंद्र कुमार (फाइल फोटो)।
मौरावां। दीवानबक्सखेड़ा में ससुराल गए युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव गांव से चार किलोमीटर दूर कटरा गांव के पास पश्चिमगांव मार्ग के किनारे फेंक दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
मौरावां थानाक्षेत्र के उदोतपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार (28) हरियाणा के करनाल में पुताई का काम करता था। मां मुन्नी देवी ने बताया कि 13 अक्तूबर को बेटा करनाल से आया और सीधे ससुराल दीवानबक्सखेड़ा चला गया। 21 अक्तूबर को उसका शव पड़ा मिला। मां ने बताया कि बेटे के साले सुनील ने अपनी शादी में उससे 1.50 लाख रुपये उधार लिए थे। धर्मेंद्र कई बार अपने रुपये मांग चुका था। हर बार वह टालमटोल कर देता था। इस बार भी वह रुपये लेने के लिए ससुराल गया था।
आरोप लगाया कि बहू सोनी ने उसे वहीं रोका और सभी ने मिलकर बेटे की हत्या कर दी। बाद में शव पश्चिम गांव के पास सड़क के किनारे बाग के पास फेंक दिया। पुलिस की जांच में धर्मेंद्र की छह साल की बेटी तन्नू ने बताया कि मंगलवार की रात घर में नाना-नानी, मामा और मम्मी से पापा की लड़ाई हुई थी। इसके बाद नाना पापा को कंधे पर लादकर ले गए थे। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों ने कलुवाखेड़ा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। मां ने ससुराल वालों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।