फोटो-35- संदीप (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
नवाबगंज। अजगैन-मोहान मार्ग पर नवई गांव के पास मंगलवार दोपहर दो बजे वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह फेरी लगाकर बर्तन बेचता था। घटना के बाद वाहनों की कतारें लग गईं। इस दौरान करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा। युवक हेलमेट लगाए था। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के सकरन गांव निवासी संदीप (20) एक साल से बाइक से फेरी लगाकर बर्तन बेचता था। मंगलवार को संदीप हसनगंज क्षेत्र में फेरी लगाने गया था। दोपहर को घर लौटते समय अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवई गांव के पास अजगैन से मोहान की तरफ जा रहे तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। घटना के बाद भीड़ लग गई, साथ ही वाहनों की भी लंबी कतारें लग गईं।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव हटवाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। बेटे की मौत से परिजन बेहाल हो गए। पिता कमलेश बटाई पर खेती करते हैं। संदीप तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने टक्कर मारने वाले वाहन का नंबर दिया है, उसका पता लगाया जा रहा है।