उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली के नसिरापुर गांव में गोदभराई वाले घर में रविवार रात चोरों ने लाखों के जेवर और रुपये पार कर दिए। घटना के समय घर में रिश्तेदार छत और अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। पीड़ित के मुताबिक 6.70 लाख रुपये चोरी हुए हैं।
बांगरमऊ कोतवाली के नसिरापुर गांव निवासी हुकुमचंद्र ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि रविवार को पौत्री की गोदभराई नगर के एक गेस्टहाउस से थी। देर शाम कार्यक्रम के बाद परिजन और रिश्तेदार घर आए और रात में छत और कमरों में लोग सो गए। पीड़ित के मुताबिक घर के अंदर दाखिल होने का कोई और रास्ता नहीं है। सोमवार सुबह पांच बजे नींद खुली तो दो कमरों में रखे बक्से और अलमारी के ताले टूटे थे और सामान बिखरा था। हुकुमचंद्र के मुताबिक 1.70 लाख रुपये और दो बहुओं के करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी हुए हैं।
कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच में पता चला है कि घटना के समय घर, परिवार और रिश्तेदारों सहित करीब 15 लोग थे। दूसरा कोई रास्ता भी नहीं है। इसके बाद भी हुई चोरी की घटना संदिग्ध लग रही है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।