फोटो- 17- शेलेंद्र पटेल (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
बीघापुर। रेलवे स्टेशन स्थित कैंची मोड़ के पास संचालित वाहन गैराज का टिनशेड ठीक करते समय बिजली के तार की चपेट में आने से संचालक को करंट लग गया। इससे उसकी मौत हो गई।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के पूरनखेड़ा गांव निवासी शैलेंद्र पटेल (30) बीघापुर के कैची मोड़ पर चार पहिया वाहनों का गैराज चलाते थे। शुक्रवार की सुबह वह साथी कर्मचारियों के साथ गैरेज के बाहर लगे टिनशेड ठीक कर रहे थे। नीचे से गुजरे बिजली के तार से टिनशेड छू गया।
इससे शैलेंद्र को करंट लग गया। साथी कर्मचारी उसे अस्पताल ले गए, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शैलेंद्र की छोटी बेटी है। बेटे की मौत से मां मालती, पत्नी रूबी सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल राजपाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।