उन्नाव। स्नातक छात्रों की सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम आने के बाद उनकी समस्याओं के समाधान के लिए डीएसएन डिग्री कॉलेज में शिविर लगाया गया। कानपुर विश्वविद्यालय के सहायक कुल सचिव के समक्ष सुबह 11 से शाम पांच बजे तक जिले भर के कॉलेजों के 78 छात्रों ने शिकायत दर्ज कराई। अधिकतर शिकायत नाम करेक्शन और प्रैक्टिकल में नंबर गलत चढ़ने की रहीं। सहायक कुल सचिव ने समाधान के लिए एक महीने का समय मांगा है।
केस-एक
डाटा बेस मैनेजमेंट सिस्टम विषय चुना नहीं, फिर भी देनी पड़ी परीक्षा
बीए द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा पास कर चुके छात्र लवकुश वर्मा ने बताया कि उन्होंने साल 2024-25 में प्रथम सेमेस्टर में फिजिकल एजुकेशन विषय को मेजर से माइनर में परिवर्तन कर दिया गया। यही नहीं द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के प्रवेशपत्र में पढ़ने वाले कोर्स से एक विषय अधिक डाटा बेस मैनेजमेंट सिस्टम भी आ गया। यही नहीं जो विषय उसने पढ़ा ही नहीं था, उसकी परीक्षा भी देनी पड़ी। अब निर्धारित विषय से अधिक एक विषय बढ़ने से तीसरे सेमेस्टर में प्रवेश नहीं हो पा रहा है। छात्र ने प्रवेश कराने की मांग की, सहायक कुल सचिव ने इस मामले में उच्चाधिकारियों को बात करने के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया।
केस-दो
छूट गया वाइवा, मिला आश्वासन
बीएड 2023-25 की छात्रा गौरी त्रिपाठी ने बताया कि उनका वाइवा छूट गया है। छूटी परीक्षा हर साल यूनिवर्सिटी कराती है। इस साल परीक्षा का अभी तक कोई आदेश न होने से भविष्य संकट में है। छात्रा को भी सिर्फ आश्वासन दिया गया।
केस-तीन
समाजिक विषय के माइनस में दर्शाए हैं अंक
श्रीरामबहादुर पांडेय डिग्री कॉलेज की बीएड 2023-25 की छात्रा श्रृद्धा त्रिपाठी ने बताया कि उसने साल 2023 में सामाजिक विषय का बैक पेपर दिया था। नौ जुलाई 2024 को उसका परीक्षाफल आया, उसमें माइनस में नंबर दर्शाए गए। जबकि उनके नंबर माइनस में हो ही नहीं सकते।
शिविर में विश्वविद्यालय से सहायक कुल सचिव सेमेस्टर परीक्षा अभिषेक मिश्र, सुमित कुमार, अविनाश सिंह और शिवकुमार कुरील बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे डीएसएन डिग्री कॉलेज पहुंचे। 12 बजे के बाद छात्रों ने आना शुरू किया। सहायक कुल सचिव अभिषेक मिश्र ने बताया कि शिकायतें आने के बाद सभी को निस्तारण के लिए एक महीने का समय दिया गया है। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य स्टॉफ मौजूद रहा।