धीरेंद्र उर्फ गंटू (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
हसनगंज। मुस्तफाबाद गांव में रविवार की सुबह 11 बजे बाबा के घर जाने के लिए निकला बच्चा लापता हो गया था। बाबा ने गुमशुदगी दर्ज कराई। सोमवार की सुबह 10 बजे बाबा के घर जाने वाले रास्ते पर पड़ने वाले तालाब में बच्चे का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी रविशंकर गौतम का तीन साल का बेटा धीरेंद्र उर्फ गंटू रविवार सुबह दूसरे घर में रहने वाले बाबा बेचेलाल के पास जाने के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। परिजनों ने तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। देर शाम बाबा ने पौत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस भी बच्चे की तलाश कर रही थी। सोशल मीडिया पर भी फोटो वायरल कर रही थी।
सोमवार सुबह 10 बजे घर के बगल स्थित तालाब में बच्चे का शव उतराता मिला। पुलिस ने जांच की और शव का पोस्टमार्टम कराया। धीरेंद्र सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां गीता, पिता, बाबा सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि तालाब में डूबने से बच्चे की मौत हुई है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
धीरेंद्र उर्फ गंटू (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन