फोटो-4- हाईवे पर पलटा लोडर और घायल हुआ चालक। स्रोत: पाठक
नवाबगंज। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर रसूलपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार लोडर कमानी टूटने से बेकाबू होकर पलट गया। इससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कानपुर नगर के थाना बर्रा निवासी दीपक (35) मंगलवार को पिकअप में रेडीमेड दरवाजे लादकर लखनऊ जा रहा था। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सोहरामऊ थानाक्षेत्र के रसूलपुर मोड़ के पास गाड़ी की कमानी का पटा टूट गया। इससे बेकाबू लोडर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में चालक दीपक गंभीर घायल हो गए। एनएचएआई की एंबुलेंस से घायल को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी गए जेल
फतेहपुर चौरासी। दरोगा कृष्णेंद्र कुमार ने हमराही पुलिसकर्मियों के साथ दुष्कर्म के वांछित आरोपी परवेज और धर्मपाल सिंह को काली मिट्टी के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पर महिला ने 12 सितंबर को सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। (संवाद)