कार्रवाई स्थल पर मौजूद एसडीएम। स्रोत: पाठक
मौरावां (उन्नाव)। पहाड़पुर खुर्द गांव में मारपीट में घायल वृद्ध की मौत के मामले के बाद प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सात ग्रामीणों द्वारा सुरक्षित तालाब और खलिहान की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे और अस्थायी निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। एसडीएम ने दोबारा अवैध कब्जा या निर्माण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
21 सितंबर को गांव में बारिश के पानी की निकासी को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान हुई मारपीट में घायल रामस्वरूप लोधी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में पड़ोसी मुकेश, रामपियारे, कालीचरण और संतोष कुमार को नामजद किया गया था। 11 नवंबर को सांसद डॉ. साक्षी महाराज ने गांव पहुंचकर मामले में कार्रवाई को लेकर मौरावां थाना प्रभारी को फटकार लगाई थी।
शनिवार को प्रशासन की राजस्व टीम ने कार्रवाई करते हुए धर्मेंद्र, मुकेश, रामप्यारे, राजेश, कालीचरण, संतोष और बिन्नू के अवैध निर्माण गिरवा दिए। इनमें दीवार, शौचालय, टिनशेड, चरही, लिंटर और पिलर शामिल थे। कई महिलाओं ने अधिकारियों से निर्माण न गिराने की गुहार लगाई, लेकिन राजस्व टीम ने उनकी नहीं सुनी।
एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशों के क्रम में तहसील प्रशासन की ओर से यह नियमित कार्रवाई की गई है। उन्होंने संबंधित लोगों को चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर दोबारा अवैध कब्जा या निर्माण करने पर कड़ी कार्रवाई के साथ वसूली भी की जाएगी।