उन्नाव। सरकारी अफसरों की उदासीनता से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रबी सीजन में गेहूं की बोआई का पीक समय चल रहा है, लेकिन इस समय न नहरों में पानी है और न ही समितियों में डीएपी उपलब्ध है। किसानों को खेतों में पलेवा के लिए पानी और बोआई के लिए डीएपी की सख्त जरूरत है। इससे 2.20 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोआई को लेकर किसान चिंतित हैं। अभी तक मात्र 66 हजार हेक्टेयर में ही गेहूं की बोआई हो पाई है।
जनपद में 62433 हेक्टेयर की सिंचाई शारदा नहर, आसीवन ब्रांच, 32 रजबहे और 210 माइनर पर निर्भर है। इनकी कुल लंबाई 1596 किलोमीटर है। नहर व सिंचाई विभाग इन दिनों रजबहों और माइनरों की सफाई करा रहा है। अभी तक केवल पांच किलोमीटर की ही माइनरें साफ हो पाई हैं। नहरों में पानी न होने से किसानों को निजी नलकूपों से खेत पलेवा करने पड़ रहे हैं।
साधन सहकारी समितियों में डीएपी नहीं, कागजों पर स्टॉक पूरा
पुरवा। क्षेत्र की नौ साधन सहकारी समितियों और पीसीएफ केंद्र तुसरौर पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। इन समितियों में चमियानी, बेहटा भवानी, पासाखेड़ा, दरेहटा, पकराबुजुर्ग, त्रिपुरारपुर, फतेहगंज, पुरवा और तुसरौर शामिल हैं। किसान राजेश अग्निहोत्री, नीरज अवस्थी, प्रफुल्ल पटेल, दुर्गा शंकर तिवारी, अभय द्विवेदी, रमेश पाल, पुत्तन लाल और रामू ने बताया कि बोआई के लिए डीएपी की आवश्यकता है, पर खाद नहीं मिल रही।
सोमवार तक डीएपी आने की उम्मीद
जिला सहकारी संघ के निदेशक केके द्विवेदी ने समितियों पर खाद न होने पर चिंता व्यक्त की। एडीओ सहकारिता आशीष कुमार ने बताया कि खाद का मांगपत्र भेजा गया है। उन्होंने सोमवार तक डीएपी आने की उम्मीद जताई। मिर्जापुर सुम्हारी और सिजनी सोहरामऊ समिति में डीएपी उपलब्ध है।
बॉक्स-
सभी आंकड़े (लगभग में)
किसानों की संभावित संख्या -करीब 5.50 लाख
जिले में खेतिहर भूमि -291298 हेक्टेयर
गेहूं की बोआई का लक्ष्य -2.20 लाख हेक्टेयर
नहरों से सिंचाई -62433 हेक्टेयर
नलकूप से सिंचाई का क्षेत्रफल-नौ हजार हेक्टेयर
शेष निजी ट्यूबवेल व पंपों से
वर्जन...
रजबहों व माइनरों की सफाई शुरू करा दी गई है। विभाग का पलेवा के लिए पानी देने का रोस्टर नहीं है। किसानों को गेहूं की पहली सिंचाई के लिए पानी 15 दिसंबर के बाद मिल पाएगा। तय समय से पहले सफाई का काम पूरा करा लिया जाएगा।
गगन शुक्ला, एक्सईएन नहर विभाग।
जिले में गेहूं की बोआई का समय 30 नवंबर तक है। वैसे कुछ किसान 15 दिसंबर तक भी गेहूं बोते हैं। वैसे अधिकांश बोआई इस माह के आखिर तक हो जाएगी। जनपद में 31971 मीट्रिक टन यूरिया, 9061 मीट्रिक टन डीएपी व 6160 मीट्रिक टन एनपीके का स्टॉक है। इसे समितियों में मांग के अनुसार भेजा जा रहा है। जहां पर नहीं है, वहां पर सोमवार तक पहुंचा दिया जाएगा। -शशांक कुमार, जिला कृषि अधिकारी।
सूखी पड़ी मुर्तजानगर से निकली शारदा नहर। संवाद