उन्नाव। चार दिवसीय छठ महापर्व नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए महिलाएं तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी रहीं। वहीं नगर पालिका प्रशासन ने भी आवास विकास कालोनी के लिली पार्क में साफ सफाई कराई। उधर, पिछले साल के मुकाबले पूजन सामग्री की कीमतों में 20 फीसदी का उछाल आया है।
13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू हो रहा है। 15 नवंबर को ढलते और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन होगा। शहर में करीब 25 परिवार छठ पर्व मनाते हैं। उनके लिए आवास विकास कालोनी में बने लिली पार्क में व्यवस्था की जाती है। यहां पर कृत्रिम झील का निर्माण कराया जाता है।
इस बार भी छठ पर्व के लिए बृहस्पतिवार को लिली पार्क में नगर पालिका कर्मी साफ सफाई में जुटे रहे। पार्क की घास सफाई के साथ झील में पानी भरवाने का काम चलता रहा। नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी रामआसरे कमल ने बताया कि छठ पर्व को लेकर पार्क की सफाई करा दी गई है। सफाई कर्मियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
इंसेट-1
पूजन में प्रयोग होने वाली सामग्री की कीमतों में बढ़ोत्तरी
छठ पर्व को लेकर पूजन में प्रयोग होने वाली सामग्री व फलों की कीमतों में उछाल आ गया है। पिछले साल जहां केला 50-55 रुपये प्रति दर्जन में बिका था, इस बार कीमत 60 से 65 रुपये पहुंच गई। सेब 100 से 120 रुपये प्रति किलो था, इस बार 120 से 140 रुपये में पहुंच गया। अनार, संतरा की कीमतों में बढ़ोत्तरी हुई है और क्रमश: रेट 200 व 80 रुपये प्रति किलो पहुंच गए। गन्ना जहां 45 से 50 रुपये प्रति पीस था, वहीं इस बार रेट बढ़कर 60 रुपये प्रति पीस रहा। फल विक्रेता विजय लोधी ने बताया कि सेब कश्मीर से कम आ रहा है। केला आंध्र प्रदेश में आए तूफान से खराब हुआ है। छठ में मांग ज्यादा है, इसलिए दामों में बढ़ोत्तरी हुई है।
नानामऊ घाट पर बैरीकेडिंग कराने के डीएम ने दिए निर्देश
बांगरमऊ। छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर विधायक श्रीकांत कटियार, डीएम घनश्याम मीना और एसपी जयप्रकाश सिंह ने नानामऊ गंगा तट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाट पर प्रकाश व्यवस्था, पानी की गहराई, शौचालय, चेजिंग रूम और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
डीएम ने घाट पर बैरिकेडिंग कराने और गंगा में पानी की गहराई का आकलन कर खतरनाक स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एक स्टीमर, तीन नाव, पर्याप्त लाइफ जैकेट और गोताखोरों की तैनाती करने को कहा।
घाट किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने के साथ ही नानामऊ पुल के बाईं ओर पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। भुड्डा चौराहे से बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन करने की रूपरेखा भी तैयार करने को कहा। बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए घाट पर हेल्थ कैंप लगाया जाएगा, जिसमें एंटी वेनम समेत अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल टीम की तैनाती भी की जाएगी। एसडीएम बृजमोहन शुक्ला, सीओ हर्ष मोदी, कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय भी मौजूद रहे। (संवाद)
फोटो-26-आवास विकास कालोनी के लिली पार्क में सफाई करते कर्मी। संवाद