गंजमुरादाबाद। पिछले महीने कल्याणी नदी में आई बाढ़ से बर्बाद हुईं धान की फसलों का सर्वे पूरा हो चुका है। करीब 500 बीघे धान की फसल नष्ट होने का आंकलन किया गया है। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जा चुकी है।
विज्ञापन
गंगा नदी में बाढ़ आने से हरदोई की ओर से आया पानी कल्याणी नदी में मिल जाने से उसमें उफान आ गया था। इसकी चपेट में बेहटाकच्छ, शिवलालपुरवा, कुशराजपुर, लोनारी, भिलोई, बाजीपुरवा, इच्छापुरवा, देवरिया सहित 22 गांव पूरे एक महीने तक टापू बने रहे थे। बाढ़ के पानी में जलमग्न फसलें नष्ट हुई हैं। लेखपाल अमोल पटेल द्वारा किए गए सर्वे में अब तक 500 बीघे में बोई धान की फसल के खराब होने की पुष्टि हुई है। लेखपाल ने बताया कि गांवों में फसल सर्वे पूरा हो गया है। तहसीलदार अखिलेश कुमार मौर्य ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट एसडीएम की ओर से डीएम को भेजी जा चुकी है। अगले माह मुआवजा मिलने की उम्मीद है।