सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर जाम लगाए लोगों से बात करते पुलिस अधिकारी। संवाद
पाटन। सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर बृहस्पतिवार को डंपर की टक्कर से सांड की मौत हो गई। इस पर मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों से गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। करीब एक घंटे में वाहनों की दो किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने यातायात व्यवस्था में सुधार का आश्वासन देकर शांत कराया।
मरम्मत के चलते जाजमऊ गंगा पुल पर भारी वाहनों की रोक के बाद लखनऊ से कानपुर जाने वाले वाहनों को उन्नाव-लालगंज राष्ट्रीय राजमार्ग से सुमेरपुर तिराहा से बक्सर पुल से फतेहपुर, कानपुर की तरफ भेजा जा रहा है। मंगलवार को इसी मार्ग पर हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई थी। बुधवार को डंपर ने ऑटो में टक्कर मार दी थी। बृहस्पतिवार को लगभग 11:30 बजे सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर डंपर की टक्कर से सांड की मौत हो गई। इस पर ग्रामीणों ने बक्सर मार्ग पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इससे यातायात बाधित हो गया और दो किमी तक वाहनों की लाइन लग गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मार्ग पर हो रहे हादसे के बाद भी जिम्मेदारों की तरफ से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। मांग की कि मार्ग पर दौड़ रहे डंपरों की निगरानी, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। ग्रामीण डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। जाम की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी राहुल सिंह ने ग्रामीणों को समझाया और करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया।