बी-पैक्स के कर्मचारी। स्रोत: कर्मचारी
बांगरमऊ। प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति (बी-पैक्स) कर्मचारियों ने नियमित वेतन भुगतान न होने और विभागीय उत्पीड़न के विरोध में सामूहिक त्यागपत्र और हड़ताल की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता विभाग को सौंपा।
संगठन के जिलाध्यक्ष शिवनारायण तिवारी, उपाध्यक्ष हीरा लाल यादव, अनित जायसवाल और बालेश कनौजिया ने बताया कि सात सितंबर 2025 को नियमित वेतन की मांग की गई थी। आज तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। विभागीय अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की धमकियां दी जा रही हैं। विभागीय अधिकारियों के इस संवेदनहीन रवैये तथा सरकार द्वारा कोई उचित कदम न उठाए जाने से सभी आहत हैं और सामूहिक रूप से हड़ताल व त्यागपत्र देंगे।
मांग की है कि सेवाकाल के सभी बकाया वेतन का सातवें वेतनमान के तहत भुगतान कराया जाए। क्षेत्र में राजेपुर, बबुरिहा, माढ़ापुर उदसाह, फर्दापुर, भड़सर नौसहरा, गौरा, नेवल, साईंपुर सगौड़ा सहित 20 समितियां हैं। ऐसे में इन कर्मियों के हड़ताल पर जाने से खाद का वितरण ठप हो जाएगा।