भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी को को ज्ञापन देतीं महिला मोर्चा की पदाधिकारी। स्रोत: कार्यकर्त
उन्नाव। भाजपा में नवनियुक्त महिला जिलाध्यक्ष निम्मी अरोड़ा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन सोशल मीडिया से निकलकर धरातल पर आ गया। बृहस्पतिवार को महिला नगर अध्यक्ष के साथ 15 पदाधिकारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष को ज्ञापन देकर नियुक्ति पर पुनर्विचार और इसे निरस्त करने की मांग की।
12 अक्तूबर को भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने निम्मी अरोड़ा को महिला जिलाध्यक्ष मनोनीत किया था। इसके बाद से ही जिलाध्यक्ष का सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया था। बृहस्पतिवार को महिला नगर अध्यक्ष ममता द्विवेदी, नीलम सिंह, अर्चना सिंह, किशोरी त्रिवेदी, सुरुचि अग्निहोत्री, सरला सिंह, संध्या बाजपेयी, कमलेश सिंह, सुनीता द्विवेदी आदि ने भाजपा जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा कि संगठन के महत्वपूर्ण दायित्वों पर नियुक्ति करते समय पार्टी के प्रति समर्पण, सक्रियता, संगठनात्मक अनुभव, निष्ठा एवं लंबे समय से किए जा रहे कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वर्तमान महिला जिलाध्यक्ष की नियुक्ति में संगठन से जुड़ी सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं की भावनाओं एवं उनके योगदान को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया।
आरोप लगाया कि संगठन से बाहर की महिला को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया। इससे वर्षों से पार्टी के लिए कार्य कर रही महिला कार्यकर्ताओं में निराशा है। सभी ने एक स्वर से पार्टी के प्रति समर्पित एवं लंबे समय से संगठन में सक्रिय महिलाओं को उचित अवसर प्रदान देने की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने बताया कि महिला पदाधिकारियों का ज्ञापन क्षेत्रीय अध्यक्ष को भेज दिया है।