उन्नाव। छुट्टा मवेशियों की धमाचौकड़ी को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद डीएम ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को गोशालाओं में संरक्षित कराने के निर्देश बीडीओ को दिए हैं। चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
अमर उजाला ने 12 अक्तूबर के अंक में छुट्टा मवेशियों को लेकर खबर प्रकाशित की थी। बताया था कि गोशाला निर्माण के बाद भी सड़कों पर मवेशियों की धमाचौकड़ी कम नहीं हो रही है। खबर का संज्ञान डीएम घनश्याम मीना ने लिया और बुधवार को कलक्ट्रेट कार्यालय से खंड विकास अधिकारियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग की। बीडीओ से अब तक संरक्षित गोवंशों की जानकारी ली। संतोषजनक जवाब न मिलने पर नाराजगी जताई।
निर्देश दिए कि अभियान चलाकर छुट्टा मवेशियों को गोशाला में संरक्षित कराएं। हिदायत दी कि किसी भी क्षेत्र में कोई भी छुट्टा पशु नहीं दिखना चाहिए। गो-संरक्षण में लगाए गए सभी नोडल अधिकारियों को भी अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को गोशाला में संरक्षित कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि छुट्टा गोवंश दिखा तो बीडीओ की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि क्षेत्र में कोई भी छुट्टा मवेशी नहीं घूम रहा है, इससे संबंधित आशय पत्र बीडीओ को देना होगा।